कानपुर देहात 
जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट में केंद्र पोषित नमो ड्रोन दीदी योजना के अंतर्गत नोडल संकुल संघ (CLF) के चयन के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त, एनआरएलएम द्वारा अवगत कराया गया कि उत्तर प्रदेश शासन, कृषि अनुभाग-2 द्वारा संचालित इस योजना के अंतर्गत एनआरएलएम के अंतर्गत गठित महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 80 प्रतिशत अनुदान पर ड्रोन उपलब्ध कराए जाएंगे। वित्तीय वर्ष 2024-25 में जनपद को 6 ड्रोन दीदी के चयन का लक्ष्य प्राप्त हुआ था, जिसमें से चयनित 6 ड्रोन दीदी में से 2 दीदियों ने ICMRT, लखनऊ से प्रशिक्षण प्राप्त कर लिया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए मुख्यालय से 30 ड्रोन दीदी के चयन का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। योजना के अंतर्गत ड्रोन का स्वामित्व संकुल स्तरीय संघ (CLF) का होगा तथा कृषकों से किराया निर्धारण का कार्य भी CLF द्वारा किया जाएगा। प्रत्येक ड्रोन दीदी 10 से 15 ग्राम पंचायतों के क्लस्टर में कार्य करेगी, जिसके लिए लगभग 1000 से 1500 हेक्टेयर क्षेत्र में व्यावसायिक कृषि फसलें जैसे मिर्च, कपास, धान, गेहूं, गन्ना एवं बागान होना आवश्यक है। ड्रोन दीदी के चयन हेतु पात्रता मानकों की जानकारी देते हुए बताया गया कि चयनित महिला की आयु 18 से 50 वर्ष के मध्य होनी चाहिए तथा न्यूनतम शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल निर्धारित की गई है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कराते हुए पात्र महिलाओं के चयन हेतु शीघ्र प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि जनपद की महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें एवं कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा मिल सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन., उपायुक्त डीसी एनआरएलएम गंगाराम वर्मा, उप कृषि निदेशक हरिशंकर भार्गव, जिला कृषि अधिकारी डॉ. उमेश कुमार गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे











