अकबरपुर–रनिया विधानसभा में विधायक खेल स्पर्धा–2025 का हुआ भव्य आगाज युवा ऊर्जा, खेल भावना और प्रतिभा का अद्भुत संगम

दिनांक 03 दिसंबर 2025, अकबरपुर–रनिया (कानपुर देहात)। युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग, कानपुर देहात द्वारा विधानसभा क्षेत्र अकबरपुर–रनिया में विधायक खेल स्पर्धा–2025 का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साह, ऊर्जा और अनुशासन के साथ प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार श्रीमती प्रतिभा शुक्ला का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। उन्होंने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और बच्चों को खेल का महत्व बताते हुए प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि खेल सिर्फ प्रतियोगिता नहीं बल्कि जीवन में स्वस्थ शरीर, तेज दिमाग और सकारात्मक सोच का सबसे मजबूत आधार है। खेल हमें संघर्ष, अनुशासन और टीम भावना सिखाते हैं। जो बच्चे खेल को अपनाते हैं, वे जीवन में आगे बढ़ने की मजबूत क्षमता विकसित करते हैं। आप सभी खेल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और नशामुक्त, सक्रिय व समर्पित जीवन जीने का संकल्प लें। मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के “खेलो इंडिया – युवा शक्ति, खेल शक्ति” संकल्प तथा मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा प्रदेश में खेलों को प्रोत्साहन देने हेतु बनाई गई प्रभावी नीतियों के कारण आज ग्रामीण स्तर पर प्रतिभाएँ तेजी से आगे आ रही हैं और खेल संस्कृति मजबूत हो रही है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान श्रीमती किरण देवी, राज बाबू अग्निहोत्री, गिरीश तिवारी, मिथिलेश मिश्र, शेखर तिवारी, हर्षित तिवारी, छोटू अग्निहोत्री एवं आशीष अग्निहोत्री उपस्थित रहे। जिला युवा कल्याण अधिकारी देवेंद्र कुमार, SDM मैथा राजकुमार पांडे, BDO मैथा संजू सिंह, तहसीलदार मैथा सुनील कुमार, एडीओ संजय मिश्र, वीरेंद्र कुमार पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी आयोजन में शामिल रहे। कार्यक्रम प्रभारी नैनसी कौशल, आरती देवी, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी रसूलाबाद हिमेन्द्र गौतम, व्यायाम प्रशिक्षक जितेंद्र कुमार और पीआरडी स्वयंसेवकों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संचालन विष्णु मिश्र द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सब-जूनियर बालक वर्ग में 100 मीटर में आयुष यादव व 800 मीटर में शोभित, बालिका वर्ग में 100 मीटर में साक्षी और 800 मीटर में लक्ष्मी प्रथम रहीं। जूनियर वर्ग में 100 मीटर में सौरभ कुमार, 400 मीटर में नितिन पाल और 1500 मीटर में अंकित ने बाजी मारी। सीनियर वर्ग में 200 मीटर में अंकित, 400 मीटर में शनि और 1500 मीटर में अजीत यादव प्रथम रहे। सीनियर कबड्डी वर्ग में युवा शक्ति अभिराज अकबरपुर और फूलपुर मैथा की टीमें विजेता बनीं। सरैया विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक मार्चपास्ट कर मुख्य अतिथि का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अभिभावकों, शिक्षकों, अनुदेशकों, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों एवं स्थानीय जनसमूह की व्यापक उपस्थिति के बीच इस प्रतियोगिता को अत्यंत सफल, प्रेरणादायक और यादगार बताया गया।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें