मौदहा हमीरपुर। मौदहा कस्बा के अंदर व एनएच 34 में शुक्रवार को रहे भीषण जाम के चलते लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। चारों ओर अफरातफरी मची रही है।लोग गली कूचों और इधर उधर के संपर्क मार्गों के सहारे अपने गन्तव्य की ओर जाते दिखाई दिए हैं। इतना ही नहीं इस जाम के चलते तमाम लोग अपने जरूरी कार्यों को छोड़कर घरों के लिए लौटते दिखाई दिए हैं।
बताते चलें कि एनएच 34 में गुरुवार से ही जाम की स्थिति बनी हुई थी। गुरुवार को जिला मुख्यालय से लेकर कुंडौरा तक भीषण जाम रहा है। इस जाम का असर शुक्रवार को मौदहा कस्बा सहित यहां के बड़ा चौराहा, मलिकुआ चौराहा, राठ तिराहा और राजमार्ग के गांव नरायच तक दिखाई दिया है। कस्बा के बड़ा चौराहा से लेकर तहसील मार्ग, मली कुआं चौराहा, रहमानिया रोड, स्टेशन रोड पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही है। कुल मिलाकर नेशनल हाईवे से लेकर समूचे मौदहा कस्बा के साथ ही आसपास के गांवों को जोड़ने वाले सम्पर्क मार्गों तक शुक्रवार को भीषण जाम से लोगों को जूझना पड़ा है। हालांकि दोपहर बाद पुलिस ने पांच पांच की संख्या में ट्रकों को आगे बढ़ाने का काम शुरू कर जाम से लोगों को निजात दिलाने का काम शुरू कर दिया था। इसके बावजूद कई किलोमीटर तक लगे इस जाम में लोगों को कई घंटे तक मुसीबत झेलनी पड़ी है। इसी जाम में एम्बुलेंस के साथ-साथ पुलिस की गाड़ी भी फंसी रही। जो निकलने की जद्दोजहद में दिखाई दी।











