कानपुर देहात | दिनांक: 27 नवंबर 2025
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी की उपस्थिति में मां मुक्तेश्वरी देवी कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने SIR से संबंधित सभी प्रावधानों एवं नवीनतम प्रक्रियाओं की जानकारी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को पुनः विस्तार से प्रदान की। उन्होंने राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि वे अपने बीएलए (BLA) को सक्रिय रूप से योगदान देने हेतु प्रेरित करें, ताकि मतदाता सूची के अद्यतन कार्य में पूर्ण सहयोग मिल सके। साथ ही राजनीतिक दलों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं को गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) समय से भरने हेतु जागरूक करें और बीएलओ के कार्य में सहयोग सुनिश्चित कराएँ। बैठक में अवगत कराया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 04 नवंबर से 04 दिसंबर तक बीएलओ प्रत्येक मतदाता को दो प्रतियों में गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहा है। मतदाता द्वारा भरे गए प्रपत्रों में से एक प्रति बीएलओ प्राप्त करेगा तथा दूसरी प्रति मतदाता के पास सुरक्षित रहेगी। एईआरओ एवं बीएलओ को पूरे कार्य में पारदर्शिता, शुद्धता एवं समयबद्धता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का अद्यतन लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मूल नींव है, अतः किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही अक्षम्य होगी जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से आग्रह किया कि— बीएलओ द्वारा उपलब्ध कराए गए गणना प्रपत्र की प्रति शीघ्र भरकर हस्ताक्षर सहित बीएलओ को उपलब्ध कराएँ। अंतिम तिथि 4 दिसंबर का इंतजार न करें। एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में जागरूक मतदाता होना लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक अपना सहयोग प्रदान करें ताकि जनपद की मतदाता सूची शुद्ध, अद्यतित एवं त्रुटिरहित रूप से समय पर तैयार की जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, विभिन्न पार्टी के प्रतिनिधिगण बीजेपी से श्याम बिहारी शुक्ला, समाजवादी पार्टी से शेखू खान, बृजमोहन यादव, कांग्रेस पार्टी से गोविन्द यादव, आम आदमी पार्टी से रोहित यादव, सहायक निर्वाचन अधिकारी गिरवर प्रसाद सहित आदि उपस्थित रहे।











