कानपुर देहात आज रिजर्व पुलिस लाइन माती में पुलिस अधीक्षक महोदया जनपद कानपुर देहात, श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय द्वारा “पुलिस झंडा दिवस” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा क्वार्टर गार्द पर पुलिस ध्वज फहराकर किया गया ।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सभी उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए पुलिस बल की गौरवशाली परम्परा एवं कर्तव्यनिष्ठा पर प्रकाश डाला। महोदया ने उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक का संदेश पढ़कर सुनाया और सभी कार्मिकों को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए पुलिस ध्वज की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया । कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों को स्वयं पुलिस फ्लैग लगाकर इसके ऐतिहासिक एवं प्रतीकात्मक महत्व से अवगत कराया गया । उत्तर प्रदेश पुलिस के अतुलनीय शौर्य, कर्तव्यपरायणता एवं उत्कृष्ट सेवाओं को देखते हुए भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को सर्वप्रथम “पुलिस कलर”(पुलिस ध्वज) प्रदान किया था। यह ध्वज उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए गर्व व सम्मान का प्रतीक है और किसी भी राज्य पुलिस को यह सम्मान मिलने वाला सर्वप्रथम अवसर था इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात, समस्त क्षेत्राधिकारीगण व प्रतिसार निरीक्षक सहित रिजर्व पुलिस लाइन के समस्त अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित रहे इसी क्रम में जनपद के सभी थानों, चौकियों एवं पुलिस कार्यालयों में भी पुलिसकर्मियों ने ससम्मान पुलिस ध्वज फहराकर पुलिस झंडा दिवस का उत्साहपूर्वक आयोजन किया। यह परंपरा उत्तर प्रदेश पुलिस की गौरवशाली विरासत को नए जोश एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ाने का संदेश वाहक है। इस अवसर पर पुलिसकर्मियों ने कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं जनसेवा के प्रति शपथ ली। वे अपने कर्तव्यों को निष्ठा, ईमानदारी और साहस के साथ निभाने, पुलिस ध्वज की गरिमा बनाए रखने तथा जनता की सेवा में समर्पित रहने का संकल्पित हुए। यह शपथ पुलिस बल के समर्पण और उत्तर प्रदेश पुलिस की गौरवशाली विरासत के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रभावी प्रतीक है।











