कानपुर देहात
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी / जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह ने अवगत कराया है कि वर्तमान में विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) का कार्य चल रहा है। उक्त कार्य को भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा निर्धारित निर्देशों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समयावधि मे पूर्ण कराये जाने हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी बी०एल०ओ०, सुपरवाईजर, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के रूप मे कार्य कर रहे हैं। ऐसे उन सभी अधिकारी एवं कर्मचारी जो सीधे तौर पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य में लगे हैं, उनको विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण अवधि में कोई अवकाश देय न होने के साथ ही मुख्यालय से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। उक्त का अनुपालन सम्बन्धित विभागाध्यक्ष अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करेंगे।जिलाधिकारी द्वारा समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों को इस आशय के निर्देश दिए जा चुके हैं कि समस्त जनपद स्तरीय अधिकारीगण बिना अनुमति के किसी भी दशा में जनपद मुख्यालय के बाहर नहीं जायेंगे। तत्क्रम में पुनः निर्देशित किया जाता है कि जिला स्तरीय अधिकारी बिना अनुमति के अवकाश पर एवं जनपद मुख्यालय से बाहर नही जायेगें तथा यह भी निर्देशित किया जाता है कि जिन विभागाध्यक्ष के अधीनस्थ अधिकारी / कर्मचारी विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण कार्य में लगे है उनकी प्रतिदिन की उपस्थिति ससमय सुनिश्चित करायेंगे एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी / सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के द्वारा दिये गये आदेशों / निर्देशों का समन्वय स्थापित करते हुए अनुपालन सुनिश्चित करायेंगे। आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।











