कानपुर देहात प्रधानमन्त्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजनान्तर्गत मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन. की अध्यक्षता में बैंकर्स, स्टेक होल्डर्स एवं डी०आर०पी० की उपस्थिति में समीक्षा बैठक विकास भवन में की गई। बैठक में जिला उद्यान अधिकारी डॉ0 बल्देव प्रसाद द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद कानपुर देहात की रैंक आठवें नम्बर पर है तथा योजनान्तर्गत कुल लक्ष्य 1030 के सापेक्ष अब तक कुल 402 बैंक लोन विभिन्न बैंकों द्वारा स्वीकृत किये जा चुके हैं। डी०आर०पी० बैंक लोन की स्वीकृति की समीक्षा करते हुये मुख्य विकास अधिकारी द्वारा निर्देश दिये गये कि अवशेष लक्ष्य को माहवार डी०आर०पी० वार लक्ष्य निर्धारित करते हुये लक्ष्य के अनुरूप प्रगति न करने वाले प्रबुद्ध श्रमशील, विकास सचान एवं विनय यादव को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा बैठक में अनुपस्थित प्रबुद्ध श्रमशील, राकेश कुमार गुप्ता, अंकित यादव एवं नेहा देवी को चेतावनी निर्गत की जाये तथा सन्तोषजनक कार्य न करने वाले डी०आर०पी० को लगातार चेतावनी जारी करने के बावजूद भी प्रगति न ठीक होने पर सेवा समाप्ति की कार्यवाही कराने हेतु निर्देशित किया गया। जिला उद्यान अधिकारी द्वारा स्टेक होल्डर्स को अवगत कराया गया कि योजनान्तर्गत कृषि उत्पाद, बागवानी, उत्पाद, वन उपज, डेयरी उत्पाद तथा मत्स्य उत्पाद आदि से सम्बन्धित विभिन्न उद्योग लगाये जा सकते हैं। बैठक में उपस्थित राकेश कुमार अग्रणी बैंक प्रबन्धक को निर्देशित किया गया कि बैंकों पर लम्बित प्रस्तावों की लगातार समीक्षा करते हुये भारतीय स्टेट बैंक, बडौदा यू०पी०ग्रा०बैंक, बैंक आफ बडौदा एवं एच०डी०एफ०सी०बैंक में स्वीकृति हेतु लम्बित प्रस्तावों का अतिशीघ्र निस्तारण कराया जाये। तद् सम्बन्ध में जिला उद्यान अधिकारी को पत्र प्रेषण कराने हेतु निर्देशित किया गया। अग्रणी बैंक प्रबन्धक द्वारा जानकारी दी गयी कि भारतीय स्टेट बैंक में लम्बित प्रस्तावों के निस्तारण हेतु श्री अनूप सधान को संयोजक के रूप में रखा गया है। जिनसे डी०आर०पी० लगातार सम्पर्क करते हुये लम्बित प्रस्तावों पर निराकरण करा सकतें है। जनपद में कार्यरत समस्त डी०आर०पी से वार्ता करने पर बैंकवार आ रही समस्याओं की जानकारी ली गयी तथा डी०आर०पी० द्वारा बतायी गयी समस्याओं के समाधान हेतु अग्रणी बैंक प्रबन्धक एवं उपस्थित बैंकर्स को तत्काल समाधान हेतु निर्देशित किया गया।











