पारदर्शी और सुगम मतदान व्यवस्था की ओर बड़ा कदम — जनपद में मतदेय स्थलों के अंतिम निर्धारण की प्रक्रिया तेज

जिला कांटेक्ट सेंटर 05111-297056 एवं टोल फ्री नम्बर 1950 पर मतदाता निर्वाचन संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं
कानपुर देहात जनपद में मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित, सुगम और पारदर्शी बनाए जाने के उद्देश्य से आज अंतिम बैठक जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, संबंधित ईआरओ/उपजिलाधिकारियों तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदेय स्थलों के पुनर्विन्यास, नए स्थलों के सृजन, भवनों के सत्यापन तथा आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप मतदेय स्थलों के अंतिम निर्धारण पर विचार-विमर्श करना था। जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि 29 अक्टूबर से 4 नवम्बर तक जिलेभर में सभी मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन, भवनों का निरीक्षण व चिन्हांकन कार्य संपन्न कराया गया। इस दौरान भवनों की अवस्थिति, उपलब्ध सुविधाएँ, भीड़ प्रबंधन, दिव्यांगजन की पहुँच, सुरक्षा, विद्युत एवं पेयजल जैसी व्यवस्थाओं को आयोग के मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया गया। इसके उपरांत 6 एवं 7 नवम्बर को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावित मतदेय स्थलों के निर्धारण पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। आयोग के निर्देशानुसार 10 नवम्बर को सभी मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची का प्रकाशन किया जाएगा तथा प्रतियाँ राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएँगी। प्राप्त होने वाली आपत्तियों व सुझावों के निस्तारण के उपरांत 18 नवम्बर तक सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। जनपद की चारों विधानसभा क्षेत्रों—रसूलाबाद, अकबरपुर-रनियां, सिकंदरा तथा भोगनीपुर—में वर्तमान में कुल 1577 मतदेय स्थल संचालित हैं। 27 अक्टूबर 2025 की स्थिति के अनुसार कई स्थानों पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक पाई गई, जिसके आधार पर 89 नए मतदेय स्थलों के सृजन पर विचार किया गया है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पुनर्गठन में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि एक ही परिवार के सदस्य अलग-अलग अनुभागों में विभाजित न हों, मतदान स्थल पर आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध हों, भवन सुरक्षित एवं स्थायी प्रकृति का हो, मतदाता को मतदान केंद्र तक पहुँचने के लिए दो किलोमीटर से अधिक दूरी न तय करनी पड़े। जर्जर या सुविधाविहीन भवनों को उसी क्षेत्र में उपलब्ध उपयुक्त भवनों में स्थानांतरित किया जाएगा। यदि कोई मतदेय स्थल मतदान क्षेत्र से बाहर स्थित पाया गया और क्षेत्र के भीतर उपयुक्त भवन उपलब्ध है, तो उसे तत्काल स्थानांतरित करने हेतु प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि जिला कांटेक्ट सेंटर 05111-297056 तथा टोल फ्री नम्बर 1950 पर कोई भी मतदाता अपनी मतदाता सूची एवं निर्वाचन से संबंधित जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकता है। बैठक में उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष ऑनलाइन उपलब्ध निर्वाचक नामावली के अवलोकन की पूर्ण प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी किया। राजनीतिक दलों से प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों के निस्तारण हेतु उपजिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए, ताकि कोई भी मतदाता असुविधा का सामना न करे और सभी प्रक्रियाएँ आयोग के मानकों के अनुरूप संचालित हों। बैठक में आप, सपा, भाजपा, कांग्रेस, बसपा और सीपीआई सहित सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लेते हुए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें