जिलाधिकारी ने ईको पार्क माती स्थित शहीद स्मारक पर 1962 के रेजांग ला युद्ध के वीरों को अर्पित की श्रद्धांजलि

कानपुर देहात, आज ईको पार्क माती स्थित शहीद स्मारक पर जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा 1962 के ऐतिहासिक रेजांग ला युद्ध में अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति का परिचय देने वाले वीर सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिलाधिकारी ने शहीद स्मारक पर पुष्पगुच्छ अर्पित कर युद्ध में शहीद हुए सभी 114 वीर सैनिकों को नमन किया और कहा कि यह युद्ध भारतीय सेना के स्वर्णिम इतिहास की वह गाथा है, जिसे सदैव गर्व के साथ याद किया जाता रहेगा। जिलाधिकारी ने 114 वीरों में से उत्तर प्रदेश के उन 24 वीर सपूतों को भी श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने रेजांग ला की दुर्गम बर्फीली चोटियों पर अंतिम सांस तक लड़ते हुए राष्ट्र की रक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य के इन वीरों की बहादुरी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है और उनका बलिदान राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने युद्ध की परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि अत्यंत कठोर जलवायु, बर्फीले तूफानों, ऊँची चोटियों और शत्रु की भारी संख्या के बावजूद भारतीय सैनिकों ने जिस वीरता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया, वह सैन्य इतिहास में अद्वितीय है। यह युद्ध भारतीय सैनिकों की असाधारण मानसिक शक्ति, अनुशासन और ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ की भावना का प्रतीक है। जिलाधिकारी ने यह भी आश्वस्त किया कि वीर शहीदों तथा देश की सेवा में निरंतर योगदान देने वाले सम्मानित सैनिकों के परिजनों की समस्याओं का जनपद में समयबद्ध एवं नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सदैव सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान एवं कल्याण के प्रति संवेदनशील है तथा उनके हितों से जुड़े किसी भी मुद्दे का प्राथमिकता के साथ समाधान किया जाएगा। सैनिकों व शहीद परिवारों का सम्मान हमारा नैतिक, सामाजिक और प्रशासनिक दायित्व है। जिलाधिकारी ने उपस्थित युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल समारोहों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह समाज में सकारात्मक परिवर्तन, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता के रूप में परिलक्षित होनी चाहिए। उन्होंने जनपद में सैन्य इतिहास, देशभक्ति और राष्ट्रीय मूल्यों से जुड़े कार्यक्रमों को आगे भी आयोजित किए जाने की बात कही, ताकि युवाओं में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना और सुदृढ़ हो सके। कार्यक्रम के अंतर्गत वीर शहीदों को स्मरण करने एवं उनकी गौरवगाथा को जन-जन तक पहुँचाने हेतु एक श्रद्धांजलि रैली का आयोजन भी किया गया, जो अकबरपुर ओवरब्रिज से प्रारंभ होकर ईको पार्क शहीद स्मारक पर संपन्न हुई। रैली में बड़ी संख्या में नागरिकों एवं युवाओं ने सहभागिता की। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्थानीय नागरिकों ने दो मिनट का मौन रखकर वीर सैनिकों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। पूरा कार्यक्रम पूर्ण गरिमा, शांति और भावनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर अंकित सक्सेना, सैनिक कल्याण समिति के सदस्य तथा सेवानिवृत्त सैनिकों द्वारा उपस्थित होकर कार्यक्रम में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें