यमुना नदी के तट मे गंगा – यमुना उत्सव -2025 का आयोजन सम्पन्न
नदियों तथा घाटों को स्वच्छ बनाने का दिया जोर
जोल्हूपुर (जालौन)
गंगा उत्सव के अन्तर्गत बीती शाम को वन बिभाग के तत्वावधान में कालपी के यमुना नदी के किनारे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान यमुना मैया में दीपदान करके आरती का आयोजन धूमधाम पूर्वक सम्पन्न हुआ।
यमुना नदी के किनारे स्थित बिहारी घाट में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पधारे क्षेत्रीय विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि मुख्य उद्देश्य यमुना नदी एवं घाटों की स्वच्छता के प्रति जनमानस को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि सभी लोग सक्रियता से नदियों की स्वच्छता अभियान में सहयोग प्रदान करें। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुये नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद यादव ने बताया कि यमुना नदी के किनारे स्थित घाटों आदि स्थानों को स्वच्छ एवं सुन्दर बनाये रखने हेतु पालिका प्रशासन पूरी तरह से जुटा है।वन क्षेत्राधिकारी संजय कुमार ने बताया कि यमुना नदी के तट वर्ती क्षेत्र को हरा-भरा रखने तथा प्रदूषण मुक्त बनाये रखने के लिये वृक्षारोपण कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में एम एस बी इंटर कालेज कालपी की छात्र-छात्राओं, अध्यापकों एवं प्रधानाचार्यों ने बढ़-चढ़कर कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता गोष्ठी, स्वच्छता रैली, प्राचीन घाटों की स्वच्छता अभियान,स्वच्छता शपथ,पौधारोपण, हस्ताक्षर अभियान आदि का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने नारे एवं जनसंदेशों के माध्यम से लोगों को नदी एवं घाटों को स्वच्छ रखने की अपील की। इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी मोहित दोंदेरिया, बीट प्रभारी अजीत यादव व पवन दीप आदि लोग मौजूद रहे। क्षेत्रीय बिनोद चतुर्वेदी ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवन का अनिवार्य हिस्सा है। गंगा एवं घाटों की पवित्रता बनाए रखना हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है। सभी को मिलकर यह संकल्प लेना होगा कि हम स्वयं स्वच्छ रहेंगे और पर्यावरण को स्वच्छ रखने में योगदान देंगे।इस अवसर पर गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।











