श्रीमान जिलाधिकारी की उपस्थिति में जनपद कानपुर देहात पुलिस द्वारा यातायात सुरक्षा माह-2025 कार्यक्रम का हुआ शुभारम्भ ।
जनपद कानपुर देहात में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने एवं यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से श्रीमान पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश व निदेशालय यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार “यातायात सुरक्षा माह-2025” का श्रीमान जिलाधिकारी व अपर पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा दीप प्रज्वलित करते हुए फीता काटकर शुभारंभ किया गया। यह आयोजन विशेष रूप से अकबरपुर ओवरब्रिज के नीचे आयोजित किया गया, जिसमें जिलाधिकारी महोदय श्री कपिल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी महोदय व अपर पुलिस अधीक्षक जनपद कानपुर देहात श्री राजेश पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया तथा उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी नागरिकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा। उन्होंने विशेष रूप से हेलमेट, सीट बेल्ट का उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचाव, संकेतकों का सम्मान तथा पैदल यात्रियों की सुरक्षा पर जोर दिया। महोदय ने निर्देश दिए कि पूरे माह भर चलने वाले इस अभियान में स्कूलों, कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थानों पर निरंतर जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएं, ताकि जनपद स्तर पर सड़क सुरक्षा की संस्कृति विकसित हो। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर, क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर, यातायात प्रभारी सहित अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी गण की सक्रिय उपस्थिति रही। उन्होंने रैली में भाग लेते हुए वाहन चेकिंग अभियान चलाया तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों को चेतावनी जारी की। आयोजन में स्थानीय निवासियों, छात्र-छात्राओं एवं वाहन चालकों ने भाग लिया तथा शपथ ग्रहण किया कि वे सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। यह आयोजन जनपद के समग्र विकास एवं नागरिक सुरक्षा के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।











