जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण के सम्बन्ध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों, ई0आर0ओ0 के साथ की बैठक, दी जानकारी
जनपद में शुरू होगा विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण अभियान
जनपद के सभी बूथों पर एक साथ चलेगा विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण कार्य
कानपुर देहातः 28 अक्टूबर, 2025
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता व उप जिला निर्वाचन अधिकारी/ अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार की उपस्थिति में निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण के सम्बन्ध में बैठक राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों, ई0आर0ओ0 के साथ मॉ मुक्तेश्वरी देवी सभागार कलेक्ट्रेट में की गयी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (Special Intensive Revision & SIR) के द्वितीय चरण में विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण कराने का निर्णय लिया है। पुनरीक्षण का उद्देश्य समस्त अर्ह नागरिक निर्वाचक नामावली में पंजीकृत हो जायें एवं निर्वाचक नामावली में दर्ज नाम, पता, आयु एवं अन्य प्रविष्टियों में विद्यमान त्रुटियों को दूर करने तथा राजनैतिक दलों की सहभागिता बढ़ाने तथा पुनरीक्षण के कार्य में उनका सक्रिय सहयोग प्राप्त करना है। यह पुनरीक्षण आयोग द्वारा जारी किये गये दिशा-निर्देशों और समय-सारणी के अनुसार आयोजित किया जायेगा। इस विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण द्वारा यह सुनिश्चित करना है कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हों। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण के उद्देश्य प्राविधानों तथा समय सारणी के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों व ई0आर0ओ0 को दी गयी। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार सर्वप्रथम 28 अक्टूबर से 03 नवम्बर, 2025 तक विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण (SIR) से संबंधित तैयारी, प्रशिक्षण एवं गणना प्रपत्रों का मुद्रण किया जायेगा। 04 नवम्बर से 04 दिसम्बर 2025 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का मतदाताओं को वितरण किया जायेगा एवं प्रपत्रों को भरवाकर प्राप्त किया जायेगा। 09 दिसम्बर, 2025 को आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। दावे और आपत्तियां दाखिल किये जाने की अवधि 09 दिसम्बर, 2025 से 08 जनवरी, 2026 तक होगी। नोटिस जारी किये जाने, सुनवाई एवं सत्यापन व दावे और आपत्तियों का निस्तारण एवं गणना प्रपत्रों पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा निर्णय किये जाने की अवधि 09 दिसम्बर, 2025 से 31 जनवरी, 2026 तक होगी। 07 फरवरी, 2026 को अन्तिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय सहयोग व बूथ लेवल एजेंट नामित किए जाने का भी अनुरोध किया गया। उन्होंने कहा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि इसके बारे में लोगों को जागरूक करें। बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण हेतु आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम एवं दिशा निर्देशों को भी उपलब्ध कराया गया। बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों में बहुजन समाज पार्टी से ज्ञानचन्द्र संखवार, युवराज सिंह, समाजवादी पार्टी से शेखू खान, बृजमोहन यादव, सीपीआई से रामऔतार भारती, कांग्रेस से पार्टी गोविन्द यादव, बीजेपी से चन्द्र कुमार बब्लू शुक्ला, राजू राजपूत, आम आदमी पार्टी से विजय कुमार कमल सहित सभी ई0आर0ओ0 उपस्थित रहे।










