*जिला स्तरीय ओ0टी0डी0 सेल की समीक्षा बैठक हुई सम्पन्न — जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।*
कानपुर दहातजि लाधिकारी श्री कपिल सिंह की अध्यक्षता में आज माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष में जिला स्तरीय ओ0टी0डी0 (वन ट्रिलियन डॉलर) सेल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान जिले के आर्थिक विकास से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसमें प्राथमिक, द्वितीयक एवं तृतीयक क्षेत्रों में हुई प्रगति, उत्पादन, निवेश और रोजगार से जुड़े आंकड़ों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि वर्ष 2024-25 में भारत की अर्थव्यवस्था ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। प्राथमिक क्षेत्र में कृषि उत्पादन में वृद्धि, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन तथा खाद्यान्न की उपज में वृद्धि से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त आधार मिला है। द्वितीयक क्षेत्र में औद्योगिक उत्पादन, निर्माण कार्यों, मैन्युफैक्चरिंग और ऊर्जा क्षेत्र में निरंतर प्रगति हुई है, जबकि तृतीयक क्षेत्र में व्यापार, परिवहन, संचार, वित्तीय सेवाएं एवं पर्यटन के क्षेत्र में भी वृद्धि दर्ज की गई है। बैठक के दौरान जिलाधिकारी कपिल सिंह ने विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत किए गए आर्थिक आंकड़ों में पाई गई विसंगतियों पर कड़ा रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक विकास रिपोर्ट सरकार की नीति निर्धारण प्रक्रिया की आधारशिला होती है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि अस्वीकार्य है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि “किसी भी बैठक में अधिकारी स्वयं उपस्थित रहें, अपने अधीनस्थों को न भेजें।” उन्होंने तीन कार्यदिवसों के भीतर सभी विभागों को अपने आंकड़ों की पुनः समीक्षा कर संशोधित एवं प्रमाणिक डेटा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा में संशोधित रिपोर्ट प्राप्त नहीं होती, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। जिलाधिकारी ने उपायुक्त राज्य कर एवं सहायक निरीक्षक कारखाना की बैठक में अनुपस्थिति और उनके विभागीय आंकड़ों में पाई गई विसंगति को गंभीरता से लेते हुए कहा कि यह शासन के कार्यों में शिथिलता का द्योतक है। उन्होंने निर्देशित किया कि इन अधिकारियों के विरुद्ध शासन को प्रतिकूल टिप्पणी सहित पत्र भेजा जाए, ताकि ऐसी लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि जिले का आर्थिक विकास तभी गति पकड़ेगा जब सभी विभाग समन्वय के साथ निष्ठापूर्वक कार्य करें। जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि आंकड़ों का संकलन और सत्यापन पूर्ण पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा रिपोर्ट के प्रत्येक बिंदु की प्रामाणिकता सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सरकार द्वारा सतत विकास, हरित ऊर्जा, डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया अभियानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे न केवल आर्थिक वृद्धि में निरंतरता बनी रहेगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण और रोजगार सृजन को भी बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि “जिले के विकास की गति तभी तेज होगी जब प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाए। लापरवाही या डेटा में हेरफेर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” बैठक में मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, उपायुक्त कृषि, पंचायती राज विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने अंत में सभी अधिकारियों से कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि कानपुर देहात आर्थिक दृष्टि से आत्मनिर्भर और अग्रणी जिले के रूप में उभरे, जिसके लिए सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करना होगा।
राघव अग्निहोत्री
जन संदेश 24 कानपुर देहात











